09HREG85 कानपुर में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके
कानपुर,09नवम्बर(हि.स.)। शहर में आधी रात को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र बिंदु नेपाल बताया गया है। हालांकि रात में गहरी नींद में होने की वजह अधिकांश लोगों को इसका अहसास नहीं हो सका। बुधवार की सुबह सोशल मीडिया से जब यह जानकारी हुई तो लोग एक-दूसरे से चर्चा करते हुए नजर आए।
ये झटके कानपुर में रात करीब 1:50 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र बिंदु नेपाल बताया गया है और तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 बताई जा रही है। दो झटके लगे, जिसमें दूसरा करीब रात 1:50 बजे के आसपास बताया गया है, जबकि पहला झटका रात 8:52 बजे महसूस होने की बात कही गई है।
मंगलवार की रात शहर में ज्यादातर क्षेत्रों में लोग गहरी नींद में थे, इस वजह से कम ही लोगों को अहसास हुआ। रात में जो लोग जाग रहे थे, उन्हें कंपन महसूस हुआ। वहीं कुछ इलाकों में लोग बाहर आ गए और पड़ोसियों को भी जगाया। सड़कों पर लोगों का मजमा लग गया, हालांकि शहर के कई हिस्सों में सन्नाटा पसरा रहा।
उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल वर्ष 2015 को कानपुर में भूकंप के झटके आए थे, तब इसकी तीव्रता 7.9 थी और केंद्र नेपाल ही था। उस समय की तीव्रता अधिक होने से झटके कई बार महसूस किए गए थे।