09HREG89 डेंगू के बढ़ते प्रकोप और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
वाराणसी,09 नवम्बर (हि.स.)। शहर में डेंगू के बढ़ते प्रकोप और स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही के विरोध में बुधवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दुर्गाकुंड कबीर नगर स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की जानकारी पाते ही पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंच गये। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद अपनी मांगों का ज्ञापन सीएमओ के प्रतिनिधि अफसर को सौंपा। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल पूर्व विधायक और कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पूर्व विधायक अजय राय ने आरोप लगाया कि कोविड काल में जैसे इंजेक्शन के लिए मारामारी थी, वैसे ही आज प्लेटलेट्स के लिए लूट मची है। उन्होंने कहा कि डेंगू के मरीजों के लिए सरकारी अस्पतालों में जगह नहीं है और प्राइवेट अस्पतालों में लूट मची है। यह हालात केवल वाराणसी की ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की है। सरकारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गई हैं। कार्यकर्ताओं ने दुर्गाकुंड पुलिस चौकी से सीएमओ कार्यालय तक पदयात्रा कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसमें महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे,पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा आदि भी शामिल रहे।