– 16वीं समीक्षा बैठक हुई
भोपाल, 21 सितंबर (हि.स.)। तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि निर्माणाधीन ग्लोबल स्किल पार्क (जीएसपी) में बाजार माँग के अनुसार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए निरन्तर प्रशिक्षित करने के लिए अग्रणी तकनीकों का समावेश होगा। जीएसपी युवाओं के लिए विश्व स्तर के प्रशिक्षण और सुविधाओं में वृद्धि, आईटीआई, कौशल विकास केन्द्र, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज एवं अन्य तकनीकी और कौशल विकास से जुड़े संस्थाओं की आवश्यकताओं के लिए मातृ संस्था के रूप में कार्य करेंगी।
मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया बुधवार को नरेला संकरी स्थित ग्लोबल स्किल पार्क के निर्माण कार्य की समीक्षा कर रही थी। यह जीपीएस की 16वीं समीक्षा बैठक थी।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यो को गति दें। अगले वर्ष मार्च तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। अब बारिश समाप्त हो चुकी है। कार्यो को तीव्र गति से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की संख्या बढ़ाए, वेंडर्स के साथ एएमसी साइन करें।
उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि इस भवन के निर्माण में अत्याधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाए। हर स्तर पर गुणवत्ता की जाँच की जाए। ग्लोबल स्किल पार्क पहला ऐसा शासकीय भवन होगा, जिसमें बायो डायवर्सिटी पार्क का निर्माण किया जायेगा।
मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया सिंधिया ने विशेषज्ञों से सम्पर्क कर मध्यप्रदेश के विलुप्त हो रहे पेड़-पौधों की प्रजाती को परिसर में लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जीएसपी में स्पोटर्स काम्पलेक्स का निर्माण ऐसा हो जो भोपाल के स्पोर्टिंग हब का विस्तार से व्याख्या करें। बैठक में जीएसपी के सीईओ हरजिन्दर सिंह सहित निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित थे।