कोर साहित्य के पावन तीर्थस्थल में स्थित : महाप्रबंधक - सरस जनवाद

कोर साहित्य के पावन तीर्थस्थल में स्थित : महाप्रबंधक

Share

–कोर में राजभाषा पखवाड़े का हुआ शुभारम्भ

प्रयागराज, 21 सितम्बर (हि.स.)। केन्द्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) में बुधवार को महाप्रबंधक अरुण कुमार ने मॉं सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर राजभाषा पखवाड़े का शुभारम्भ किया। कहा कि कोर, साहित्य के पावन तीर्थ स्थल प्रयागराज में स्थित है जो हिन्दी का गढ़ है।

महाप्रबंधक ने कहा कि यहां सभी अधिकारी-कर्मचारी हिन्दी जानते हैं। अतः यहां के लोगों को हिन्दी में काम करने में कोई कठिनाई नहीं है। इसलिए राजभाषा अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने दैनिक सरकारी कामकाज में हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करें।

इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य बिजली इंजीनियर एस.एस.नेगी ने कहा कि यह अवसर है आत्म निरीक्षण करने का, हम अपनी मातृभाषा और राजभाषा के प्रति कितने संवेदनशील हैं। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यालय के विभागाध्यक्ष सुरेश कुमार, वी.के.गर्ग, विनय एन अम्बाकडे, संजय कुमार मिश्रा, के.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। संचालन वरिष्ठं राजभाषा अधिकारी सुनीला यादव एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य राजभाषा अधिकारी उपेन्द्र कुमार ने किया।