आजादी के जश्न में डूबा गाजियाबाद, जगह-जगह ध्वजारोहण

Share

गाजियाबाद, 15 अगस्त (हि.स.)। आजादी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्सव के तहत सोमवार को पूरा जनपद आजादी के जश्न में डूबा हुआ है। प्रात: काल आठ बजे से शुरू हुआ ध्वजारोहण का कार्यक्रम जो कई स्थानों पर अभी तक चल रहा है। इस अवसर पर राजनीतिक दलों एवं अन्य संगठनों ने तिरंगा यात्रा भी निकाली है।

नेहरू नगर स्थित ऑडोटोरियम में केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने ध्वजारोहण किया। एसएसपी ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज हम राष्ट्रीय पर्व मना रहे हैं। आजादी के जश्न को बहुत अच्छी तरीके से मनाते हुए हमें यह भी संदेश देना है कि हम देश के लिए किसी भी बलिदान देने में पीछे नहीं हैं ।

उन्होंने यह भी कहा कि इस राष्ट्रध्वज में जो केसरिया रंग है, वह ताकत को दर्शाता है। सफेद रंग शांति, हरा रंग विकास और सुख समृद्धि ,चक्र विकास का सन्देश देता है। इस संदेश को हमें जन-जन तक पहुंचाना है। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य मलिक अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास समेत तमाम अधिकारी उपस्थित थे।

नगर निगम कार्यालय पर महापौर आशा शर्मा और नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने ध्वजारोहण किया। महापौर ने महानगर के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि आजादी के बाद शायद ही इस राष्ट्रीय पर्व को मनाने का इतना जोश लोगों में दिखाई दिया हो। आज पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल है। इसकी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने इस देश आजादी के महापर्व को मनाने के लिए लोगों को देशवासियों को प्रेरित किया है। उन्होंने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तवर ने कहा कि इससे बड़ी कोई बात आज के दिन नहीं हो सकती है कि हम आजादी का 75वां पर्व मना रहे हैं। 75 वर्षों में जिस तरह देश ने तरक्की की है उससे यह निश्चित है कि 2047 तक भारत विश्व गुरु बन जाएगा। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी।

इस मौके पर वरिष्ठ पार्षद राजेंद्र त्यागी, अनिल स्वामी अपर नगर आयुक्त शिवपूजन सिंह, अरुण यादव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार सिंह, पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह, मुख्य अभियंता एनके चौधरी, अधिशासी अभियंता फरीद जैदी समेत तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय में सचिव बृजेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हम सबको भारत की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए प्रयासरत रहना है। इस मौके पर जीडीए की विशेषधिकारी गुंजा, सुशील चौबे मुख्य अभियंता एके गुप्ता समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।