स्वतंत्रता दिवस शहीदों की अमूल्य विरासत, सुरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी – जिलाधिकारी

Share

-जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट में फहराया तिरंगा

फतेहपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा फहराया। उन्होंने लोगों से आजादी के नायकों व बलिदानियों के जीवन व आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस शहीदों के बलिदान से मिला एक अमूल्य विरासत है, जिसे सुरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी श्रुति ध्वजारोहण के साथ ही स्वतंत्रता आन्दोलन के महापुरुषों के बलिदानों को याद करते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और कानून निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने की अपील की है।

कहा कि आज का दिन सभी भारतीयों के लिए सबसे स्वर्णिम व प्रेरणाप्रद दिन है। आज के दिन ही देश को ब्रिटिश हुकुमत से आजादी मिली थी। जिसे संभालकर रखना हम सब भारतीयों का कर्तव्य ही नहीं महती जिम्मेदारी है। इस आजादी में जिले का अद्वितीय योगदान रहा है। जिसकी याद बावनी इमली शहीद स्मारक में खड़ा इमली का वह पेड़, जिसमें जिले के 52 क्रांतिकारियों को अंग्रेजों ने एक साथ फांसी दी थी, दिला रहा है। अंग्रेजों के खिलाफ प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन का शहीद जोधा सिंह अटैया और ठाकुर दरियाव सिंह ने किया था। इन शहीदों की शहादत से हम सब लोगों को प्रेरणा लेना चाहिए और देश की रक्षा का प्रण भी लेकर राष्ट्रधर्म का पालन करना चाहिए। जिससे शहीदों द्वारा दिलाई गयी आजादी अक्षुण्य बनी रहे।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। पीएसी में सेनानायक राकेश कुमार ने ध्वजारोहण करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी है।

गौरतलब है कि अंग्रेजों ने 28 अप्रैल 1858 को जिले के 52 क्रांतिकारियों को एक साथ बाबनी इमली के पेड़ में फांसी पर लटका दिया था। बिन्दकी तहसील के खजुहा कस्बे में स्थित शहील स्मारक उन स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किये गये बलिदानों का जीता जागता प्रमाण है। यह इमली का पेड़ अभी भी मौजूद है।

उल्लेखनीय है कि आज पूरे जिले में सरकारी कार्यालयों व प्राइवेट संस्थानों पर जगह-जगह आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ध्वजारोहण किया गया है, जिसमें लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा भी लिया। साथ ही सभी से अपील की गई है कि वह देश को मजबूत और आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।