प्रयागराज, 14 अगस्त (हि.स.)। आज के दिन भारतवर्ष का विभाजन दुनिया के इतिहास के सबसे अप्रिय घटना थी। मुगलों के आगमन के समय जो भारत का क्षेत्रफल एक करोड़ वर्ग किलोमीटर में फैला था, वह विभाजन के बाद तो राष्ट्र के बदलने और अंग्रेजों के कपट पूर्ण निर्णय के बाद मात्र 33 लाख वर्ग किलोमीटर रह गया। बंटवारे के बाद किसने क्या खोया, क्या पाया इसका वर्णन नहीं किया जा सकता।
यह बातें मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार ने बजरंग दल प्रयाग महानगर द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कही। राम वाटिका, कटरा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने आगे कहा कि आज जो हम भारत देख रहे हैं यह हमारे लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल एवं अनेकों राष्ट्र भक्तों के बलिदान के वजह से दिख रहा है। 14 अगस्त को मनाए जाने वाला अखंड भारत संकल्प दिवस, पर हम संकल्प लेते हैं कि भक्त प्रहलाद मुल्तान के थे, रावलपिंडी और कराची हमारी है। हम खंडित भारत को अखंड बनाएंगे।
विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि विभाजन भुलाया नहीं जा सकता और यह याद रखना ही हमारे पुनः अखंड भारत निर्माण के पवित्र दृढ़ संकल्प व लक्ष्य की पूर्णाहुति का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेई के रचित कविता की यह पंक्ति सदैव हमें भारत को पुनः अखंडित करने की प्रेरणा देती है….“दिन दूर नही खंडित भारत को पुनः अखंडित बनाएंगे, गिलगित से गारो पर्वत तक आजादी पर्व मनाएंगे।’’
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजकुमार बाबा, अभिषेक पाठक, अमित सिंह, अमरनाथ तिवारी, शुभम कुशवाह, रंजीत जायसवाल, धीरेंद्र कुशवाहा, श्रीकांत साहू, आकाश अग्रहरि, राघव सोनी, बुलबुल यादव, प्रहलाद केसरवानी, प्रमोद पांडे, विपिन तिवारी, लवलेश बजरंगी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित सिंह ने किया।