हरिद्वार,10 जुलाई (हि.स.)। देशभर में आज ईद का पर्व धूमधाम से मनाया गया। ईद उल अजहा (बकरीद) पर हरिद्वार व आसपास के इलाकों में भी लोगों ने ईद की नमाज अता कर अमन चैन की दुआ मांगी। लक्सर में भी मस्जिद और ईदगाह में लोगों ने नमाज अदा की और खुदा से अमन, चैन की दुआ मांगी। ईद की नमाज मस्जिदों में सुबह 6 बजे से अता की गई।
हरिद्वार के ज्वालापुर, लक्सर निरोजपुर बसेड़ी खड़ंजा कुतुबपुर जगह पर ईद की नमाज अता की गई। इस दौरान मस्जिदों में बड़ी संख्या में भीड़ देखी गई। हालांकि, मौसम का मिजाज खराब रहा, लेकिन नमाज के समय बारिश थमी रही। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे के गले मिले और ईद की मुबारकबाद दी।
इस्लाम के मुताबिक हर साल दो बार ईद मनाई जाती है। एक ईद उल जुहा और दूसरा ईद उल फितर। ईद उल फितर को मीठी ईद भी कहा जाता है। इसे रमजान को खत्म करते हुए मनाया जाता है। मीठी ईद के करीब 70 दिनों बाद बकरीद मनाई जाती है। मस्जिदों में नमाज अता करने के बाद कुर्बानी देते हैं। इस्लाम धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक बकरीद को ईद उल अजहा भी कहा जाता है।
ईद के पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था।