हमीरपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। मौदहा कस्बे के आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में पेयजल संकट को लेकर बीते एक पखवाड़े से जल संस्थान में चल रहे अनशन के तेहरवें दिन अनशनकारियों ने जल विभाग सहित अन्य जिम्मेदार ओहदेदारों को खून से पत्र लिखा।
इतना ही नहीं अनशनकारियों ने रक्त रंजित बैनर लगाकर अपने इरादे जताते हुए कहा कि अभी तो खून की बात आई है और हो सकता है कि इस भ्रष्ट विभाग के इसी रवैये के चलते आगे जान भी देना पड़े, लेकिन हम कस्बे वासियों के लिए पानी लेकर ही रहेंगे।
कस्बे के हुसैनिया, कमराहा, बडा़ कसौडा, कजियाना, गदाई, ब्लॉक के पीछे, गफूराबाद और तकिया सहित आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में भीषण पेयजल संकट को देखते हुए कस्बे की महिलाओं सहित युवाओं ने कई बार आलाधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता और क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी में पेयजल संकट को देखते हुए सपा यूथ विंग के याकूब गडडी ने अनशन करने की चेतावनी दी थी, लेकिन अनशन की चेतावनी को जिम्मेदार अधिकारियों ने नजरअंदाज कर दिया जिसके चलते याकूब गडडी ने कस्बे के जलसंस्थान में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया।
इस दौरान अनशनकारियों ने कहा कि पानी की लड़ाई बहुत लम्बी है और हमनें कस्बेवासियों की पानी की समस्या को लेकर अभी खून दिया है और अगर आवश्यकता होगी तो अपनी जान भी देंगे, लेकिन कस्बे वासियों के लिए पानी लेकर रहेंगे।
इस दौरान याकूब गडडी,रजा मोहम्मद श्रीनाथ,उमराव चौधरी सहित लगभग एक दर्जन युवा मौजूद रहे।