अनूपपुर, 8 जुलाई (हि.स.)। कोतमा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत ठोडहा के बसखला के ग्रामीणों ने मतदान करने से मना करते हुए मतदान केंद्र क्रमांक 51 में एक नारे के साथ मतदाता सूची में नाम नहीं तो मतदान नहीं के साथ मतदान का बहिष्कार कर दिया है। ग्रामीणों ने ग्राम सचिव पर मतदाता सूची में साजिश करके लोगों के नाम कटवाने का आरोप लगाया है, जिसकी जांच में बसखला के 25 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं होने सही पाया गया, जिस पर कलेक्टर ने गुरुवार की रात लापरवाह प्राधिकृत अधिकारी ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण व अंतिम चरण का मतदान जनपद पंचायत कोतमा के ग्राम पंचायत ठोढहा में शामिल ग्राम बसखला में भी हो रहा है, किन्तु ग्राम बसखला के मतदान केंद्र क्रमांक 51 में एक नारे के साथ मतदाता सूची में नाम नहीं तो मतदान नहीं के साथ मतदान का बहिष्कार कर दिया है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी हैं और सुबह से ही ग्रमीण मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर बैनर लगाकर बैठे हैं, जहां नाम नहीं तो मतदान नही कर चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। इस खबर के बाद अनूपपुर तहसीलदार भागीरथ लहरे मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर मतदान के लिए मना रहे हैं। दूसरी ओर ग्रमीण आपस में बैठक कर रहे हैं।