जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव में मंगलवार की रात प्रेम प्रसंग में एक युवती की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक, युवती के घर में घुसा और बंद कमरे में दोनों के बीच विवाद के बाद हाथापाई हुई। इसी दौरान युवती पर धारदार हथियार से हमला किया गया।
युवती की चीख सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसे तोड़कर खोला गया और आरोपी युवक को पकड़ लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
मंगलवार देर रात घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी केशव कुमार और एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वही, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
