– मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से की पूजा-अर्चना
भोपाल, 08 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को सपरिवार अपने गृह ग्राम सीहोर जिले के ग्राम जैत में अपने मताधिकार का उपयोग किया। मुख्यमंत्री ने यहां स्थित मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सबके मंगल और कल्याण के लिए प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा कि हर घर-आंगन में सुख, समृद्धि और आनंद के दीप देदीप्यमान हों, यही कामना करता हूं।
मुख्यमंत्री ने चौहान ने कहा कि आज मैंने अपने गृह ग्राम जैत की समरस पंचायत में सपरिवार जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान किया। लोकतंत्र की आत्मा है मतदान, लोकतंत्र का प्राण है मतदान। हम लोकतंत्र के माध्यम से अपनी सरकार चुनते हैं। अभी ग्राम सरकारों के चुनाव हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि मेरे गांव जैत में भी मेरी अपील मानते हुए जनता जनार्दन ने अपने सरपंच और सारे पंचों को निर्विरोध चुना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचित सरकारें देश, प्रदेश, नगर और गांव चलाती हैं, इसलिए हर एक को अपने मतदान का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। मैं सभी प्रदेशवासियों से अपील करता हूं कि सब मतदान करें क्योंकि इसके माध्यम से चुने हुए लोग हमारी आकांक्षाओं की पूर्ति करेंगे।
चौहान ने कहा कि जैत एक समरस पंचायत है। जनपद सदस्य का चुनाव भी निर्विरोध हुआ है, केवल जिला पंचायत सदस्य के लिए वोट डाले जा रहे हैं, इसलिए मैं अपनी धर्मपत्नी और दोनों बेटों के साथ, हम चारों अपने गांव में अपने मत का उपयोग करने आए।