उज्जैन/नागदा, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के औद्योगिक नगर नागदा में उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार दोपहर एक पटवारी जितेंद्र सिंह राणावत को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। लोकायुक्त ने यह कार्रवाई किसान विश्व प्रताप सिंह की शिकायत पर की है।
जानकारी के अनुसार, किसान ने 18 जून को लोकायुक्त एसपी अनिल विश्वकर्मा के समक्ष शिकायत की थी कि पटवारी जितेन्द्र सिंह राणावत उसके माता-पिता के नाम की भूमि के सीमांकन रिपोर्ट तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए रिश्वत मांग रहा है। लोकायुक्त निरीक्षक बसंत कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पटवारी के निवास स्थान पर उसे रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।