— आरोपी डॉक्टर को हैलट हॉस्पिटल में आने पर भी लगा प्रतिबंध
कानपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जीएसवीएम मेडिकल कालेज में डाक्टरों और दलालों के बीच चल रहे दवा कारोबार के खेल को खत्म करने की प्रिंसिपल ने ठान ली है। देर रात प्रिंसिपल ने अचानक हैलट अस्पताल का निरीक्षण किया तो डाक्टरों में हड़कंप मच गया। प्रिंसिपल ने एक जूनियर डाक्टर को इसलिए निलंबित कर दिया कि उसके संबंध दवा कारोबार से जुड़े एक दलाल से सामने आ गये।
गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कालेज से संबद्ध हैलट अस्पताल में डाक्टरों और दलालों के बीच दवा को लेकर बराबर खेल चल रहा है। इसको लेकर मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डा. संजय काला ने अपनी टीम के साथ देर रात हैलट हास्पिटल का औचक निरीक्षण किया। उनके हैलट में प्रवेश करते ही दलालों और डॉक्टरों के बीच जो दलाली का काला कारनामा चल रहा था उनके बीच हड़कंप मच गया। दलालों पर शिकंजा कसते हुए डॉक्टर संजय काला ने दलालों के साथ मिलीभगत रखने वाले आरोपी जूनियर डॉक्टर आदित्य तोमर को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही उसे डॉ मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल से संबद्ध कर दिया गया। जूनियर डॉक्टर आदित्य तोमर पर एक्शन दिखाते हुए डॉक्टर संजय काला ने आरोपी डॉक्टर को हैलट के इमरजेंसी और मेडिसिन विभाग में आने पर भी प्रतिबंध लगा दिया। आरोपी डॉक्टर का दलालों के साथ सांठगांठ की बात संज्ञान आने के बाद डॉक्टर संजय काला ने जूनियर डॉक्टरों को विशेष रूप से आगाह किया है कि वह अपनी पढ़ाई के साथ-साथ मरीजों की सेवा का विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा जूनियर डॉक्टरों के अच्छे आचरण और व्यवहार से ही मेडिकल हॉस्पिटल की गरिमा बरकरार रहती है ।
जानकारी के मुताबिक मेडिसिन विभाग के जूनियर डॉक्टर आदित्य तोमर काफी समय से प्रतिबंधित दलाल रिजवान के साथ हैलट हॉस्पिटल में चहल कदमी करते हुए देखा गया जिसकी सीसीटीवी कैमरे में फुटेज भी हैं जिसके आधार पर उस पर कार्रवाई की गई। अस्पताल के डॉक्टरों का यह भी कहना है कि आरोपी आदित्य तोमर रिजवान के लिए सीनियर डॉक्टरों से झगड़ भी जाता था।
आरोपी डॉ आदित्य पर शिकंजा कसते हुए प्राचार्य डॉ संजय काला ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं कि किसी भी कीमत पर हैलट हॉस्पिटल में दलालों और डॉक्टरों के बीच जो अवैध कारोबार का गंदा खेल खेला जा रहा है वे उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। दलालों के साथ मिलीभगत रखने वाले डॉक्टर किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रिंसिपल ने गुरुवार को बताया कि देर रात के बाद सुबह भी छापेमारी की कार्रवाई की गई। कहा कि किसी भी सूरत में अस्पताल में दलालों को नहीं टिकने दिया जाएगा। छापेमारी में प्रमुख रूप से प्राचार्य डॉ संजय काला के साथ डॉक्टर शुभ्रंशु शुक्ला, डॉक्टर धनंजय चौधरी, डॉक्टर गणेश शंकर, अनुराग रजौरिया, डॉक्टर आशीष श्रीवास्तव, आर्मी गार्ड सुपरवाइजर चरण सिंह, हैलट चौकी इंचार्ज जय वीर सिंह उपस्थित रहे।