रतलाम, 6 जुलाई (हि.स.)। साउथ कोरिया सियोल में आयोजित मिसेज यूनिवर्स 2021 ब्यूटी पेजेंट में 120 देश सम्मिलित हुए, जिसमें डॉ.दिव्या पाटीदार जोशी ने मिसेज यूनिवर्स इंस्पिरेशन अवार्ड जीता।
दिव्या ने बताया कि वहां पर कई राउंड हुए जैसे कि सोशल एक्टिविटी फोरम राउंड, स्विमसूट राउंड, नेशनल कॉस्टयूम राउंड, इवनिंग गाउन राउंड, आदि। साथ ही सभी कंटेस्टेंट को साउथ कोरिया की संस्कृति के बारे में जानने का मौका मिला । प्रत्येक वर्ष यह प्रतियोगिता विभिन्न देशों में आयोजित की जाती है । दिव्या इससे पहले मिसेज इंडिया माय आईडेंटिटी 2018 की विजेता और मिसेज यूरेशिया 2019 की टाइटल होल्डर भी रह चुकी हैं।
दिव्या अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी मां को देती है। वह एक भारतीय मॉडल सामाजिक कार्यकर्ता अभिनेता व गायिका है, उन्हें टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा मध्यप्रदेश की सबसे प्रभावशाली महिलाओं के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। वे उनके एनजीओ द ग्रोइंग वर्ल्ड फाउंडेशन व द ग्रोइंग इंडिया फाउंडेशन के द्वारा महिलाओं व बच्चों के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने सोशल सर्विस में पीएचडी तथा एमबीए मार्केटिंग व एचआर एमए इंग्लिश एमए म्यूजिक में शिक्षा प्राप्त की है । उन्हें भारत की पूर्व राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवी सिंह पाटिल और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व उपराष्ट्रपति डॉक्टर हामिद अंसारी तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नेशनल सर्विस स्कीम में सेवा के लिए सम्मानित किया जा चुका है ।
दिव्या रतलाम नगर निगम में स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांड एंबेसडर हैं और कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक मुक्त शहर के लिए कई अभियानों से जुड़ी हैं । दिव्या एमपीपीएससी, बैंक, रेलवे और लिपिक परीक्षा जैसी कई प्रतियोगी पुस्तकों के सामान्य ज्ञान प्रश्नावली में भी सूचीबद्ध हैं। कोविड-19 के समय में दिव्या ने कई ऑनलाइन सेमिनार आयोजित किए और लोगों को प्रेरित किया ।
कोविड-19 से अपने पिता को खो चुकी दिव्या ने खुद को सांत्वना देकर मजबूत होकर फिर से अपनी यात्रा जारी रखी और कई लोगों को उनके जुनून का पालन करने के लिए प्रेरित किया । अपनी ट्रेनिंग के द्वारा दिव्या ने अपने 2 साल के बेटे को एक्स्ट्रा ओडनरी मेमोरी कैटेगरी में वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर बनाया । यही नहीं दिव्या ने सिटी ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर अभियान द्वारा अपने पूरे रतलाम शहर को सिटी ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर के रूप में 221 वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए प्रेरित किया।