मुरादाबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। छह जुलाई को जिले में बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 33 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में सम्पन्न होगी। इन 33 परीक्षा केंद्रों पर 13,540 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पंजीकृत है।
महात्मा ज्योतिबा फूले रूहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से आयोजित होने वाली बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के डिप्टी नोडल अधिकारी डॉ. संजय कुमार रस्तोगी का कहना है कि जनपद में परीक्षा के लिए 33 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। यहां पर 13,540 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
प्रशासनिक स्तर पर दो केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और दो पर्यवेक्षक निगरानी करेंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्र अध्यक्ष, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक को ही फोन रखने की अनुमति है। इसके अलावा जिले की व्यवस्था देखने के लिए विश्वविद्यालय ने भी दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।