कानपुर, 17 जून (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉक्टर सीएल मौर्य ने बताया कि यूपी कैटेट 2022 की प्रवेश परीक्षाएं शुक्रवार को संपन्न हो गईं। इन परीक्षाओं में परास्नातक एवं पीएचडी तथा एमबीए की रही।
उन्होंने कहा कि परास्नातक प्रवेश परीक्षा शहर के दो परीक्षा केंद्रों पर एवं पीएचडी तथा एमबीए की प्रवेश परीक्षा एक परीक्षा केंद्र पर संपन्न हुई। परास्नातक में 686 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 638 (93 प्रतिशत) परीक्षार्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी। जबकि पीएचडी में 211 के सापेक्ष 189 (89.57 प्रतिशत) एवं एमबीए में 307 के सापेक्ष 255 (83.06 प्रतिशत) परीक्षार्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए प्रवेश परीक्षा दी। वहीं इस दौरान सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटरनेशनल स्कूल इंदिरा नगर कल्याणपुर तथा जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज विकास नगर में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉक्टर सीएल मौर्य एवं उनकी टीम ने केंद्रों का निरीक्षण कर सारे प्रबंधों का जायजा लिया। डॉ वीके वर्मा के नेतृत्व में फ्लाइंग स्कॉट टीम में डॉक्टर यूके त्रिपाठी ने प्रवेश परीक्षा केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। मीडिया प्रभारी डॉ खलील खान ने बताया कि परीक्षाओं को लेकर विश्वविद्यालय के जिम्मेदारों एवं परीक्षार्थियों ने पूरी तरह से गाइडलाइन का पालन किया है।