प्रशिक्षण से होता है व्यक्तित्व निर्माण : चम्पतराय

Share

– विहिप कानपुर एवं अवध प्रान्त का कार्यकर्ताओं का हुआ प्रशिक्षण

कानपुर, 17 जून (हि.स.)। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, सुदृढ़ता एवं विकास करना होता है। विभिन्न दिनचर्या, परिवेश, स्वभाव, परम्पराओं से आये हुए कार्यकर्ता आत्मानुशासन, संयम, सहयोग, संगठन, सामूहिक जीवन का अभ्यास, हर परिस्थितियों में सहजता सीखते हैं, एवं अपना व्यक्तित्व निर्माण करते हैं। यह बातें शुक्रवार को विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मंत्री चम्तराय ने कही।

विश्व हिन्दू परिषद कानपुर प्रांत और अवध प्रांत के कार्यकर्ताओं का दस दिवसीय परिषद शिक्षा वर्ग (07-17 जून) कुंवर ग्लोबल स्कूल देवा रोड लखनऊ में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में शिक्षार्थियों को विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय उपाध्यक्ष एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामन्त्री चम्पतराय ने संबोधित किया। आये हुए कार्यकर्ताओं को विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना के उद्देश्य, आयाम, सेवाकार्य, आचार्य पद्धति, सत्संग, योग, व्यायाम, प्राणायाम आदि का अभ्यास करवाया गया। दस दिन तक चले वर्ग में विभिन्न वक्ताओं ने अपने-अपने आयामों से कार्यकर्ताओं का परिचय कराया। कानपुर एवं अवध प्रान्त के 40 जिलों से चुने गए 350 बन्धु एवं 50 मातृशक्ति की बहनों ने वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण वर्ग में क्षेत्र संगठन मन्त्री गजेन्द्र, प्रान्त सह मन्त्री एवं वर्गाधिकारी अनिल दीक्षित, कानपुर प्रान्त संगठन मन्त्री एवं मुख्य शिक्षक मधुराम, अवध प्रान्त संगठन मन्त्री राजेश, प्रान्त मन्त्री एवं सर्वव्यवस्था प्रमुख देवेन्द्र मिश्रा, वर्ग पालक प्रदीप, प्रान्त मातृशक्ति संयोजिका सीमा, सह संयोजिका दुर्गेश, अर्चना, गणेश शंकर समेत लगभग 40 जिलों के भगिनी-बन्धु उपस्थित रहे।