विश्वनाथ गली में सुरक्षा के लिए लगेगा कैमरा, तीर्थयात्रियों के लिए वाटर कूलर: डॉ. नीलकंठ तिवारी

Share

– शहर दक्षिणी के विधायक ने प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई की

वाराणसी, 17 जून (हि.स.)। शहर दक्षिणी के विधायक और प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ.नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुरूधाम स्थित संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई की। जन सुनवाई के दौरान विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक से मिला।

प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरा लगाए जा रहे हैं। विश्वनाथ गली में भी सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे लगाना चाहिए। प्रतिनिधि मंडल ने अपना ज्ञापन विधायक को सौंप कर कहा कि काशी विश्वनाथ धाम में लगातार तीर्थयात्रियों की बढ़ोत्तरी से विश्वनाथ गली में भी काफी भीड़ होने लगी है। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर काफी दबाव आ सकता है।

प्रतिनिधि मंडल की बात सुनकर डॉ.नीलकंठ तिवारी ने तुरन्त स्मार्ट सिटी के अधिकारी से बात कर व्यवस्था बनाए जाने का निर्देश दिया। व्यवसायी संघ की तरफ से दिए गए पत्र में कैमरे के अतिरिक्त,गली की साफ-सफाई, तीर्थयात्रियों के पेयजल के लिए वाटर कूलर,आये दिन गली में विद्युत शॉट सर्किट को देखते हुए गली में जर्जर तार बदलवाने की मांग हैं। विधायक ने तुरन्त ही विद्युत विभाग सहित अन्य को भी फोन द्वारा कार्य के लिए निर्देशित किया। प्रतिनिधि मंडल में संघ के अध्यक्ष रमेश तिवारी, महामंत्री कमल तिवारी,वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन शुक्ला, उपाध्यक्ष संजीव रत्न मिश्र, संगठन मंत्री विष्णु कसेरा आदि शामिल रहे।