उप्र ईको-पर्यटन विकास बोर्ड के गठन की तैयारी तेज

Share

-पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बैठक कर 15 दिन में प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश

लखनऊ, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने उप्र में ईको-पर्यटन विकास बोर्ड के गठन का प्रस्ताव 15 दिन के अन्दर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ईको-पर्यटन विकास बोर्ड के गठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में स्थित ईको-सिस्टम के तहत आने वाले स्थलों का संरक्षण, संवर्धन एवं इसका विकास कर पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ ही रोजगार का सृजन एवं राजस्व में बढ़ोत्तरी करना है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह शुक्रवार को गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन में पर्यावरण वन एवं जलवायु परिर्वतन राज्य मंत्री (स्वंतत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना, आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु के साथ ईको पर्यटन बोर्ड गठन करने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश एवं कर्नाटक राज्यों में गठित ईको टूरिज्म बोर्ड के गठन से पहले एवं बाद की उपलब्धियों की तुलनात्मक अध्ययन कर लिया जाए। उन्होंने मैनपुरी स्थित समन वाइल्ड लाइफ सैन्चुअरी को प्रस्ताव में शामिल करने के निर्देश दिये।

जयवीर सिंह ने बताया कि प्रस्तावित बोर्ड मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित किया जायेगा। इसमें पर्यटन मंत्री, वन मंत्री और आयुष मंत्री उपाध्यक्ष होंगे। इसके अलावा बोर्ड में अधिशासी निदेशक अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव पर्यटन और निदेशक प्रशासन-महानिदेशक पर्यटन, निदेशक ईकोलॉजी-प्रधान मुख्य वन संरक्षक, विभागाध्यक्ष एवं दो अपर निदेशक प्रबंध निदेशक उप्र राज्य पर्यटन विकास निगम, पीसीएस संवर्ग का एक नियुक्त अधिकारी, अपर निदेशक मुख्य वन संरक्षक पारिस्थितकीय विकास, लखनऊ एवं प्रबल निदेशक उप्र वन निगम को रखा जायेगा।

जयवीर सिंह ने बताया कि अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, वित्त, आयुष, एमएसएमई, सिंचाई, पंचायती राज, ग्राम विकास, राजस्व, खेल, संस्कृति, कृषि एवं उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग पदेन सदस्य होंगे। ईको- पर्यटन क्षेत्र के तीन विशेषज्ञ- डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू एफ इंडिया, बीएनएचएस, टीएसए और कतरनिया घाट फाउण्डेशन से ईको पर्यटन क्षेत्र के विशेषज्ञ होंगे। बोर्ड के माध्यम से स्थानीय ग्रामीण पर्यटन विकास के लिए स्थानीय पर्यावरण एवं सहायता समूहों के माध्यम से जंगली शिविरों एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों का प्रबन्धन किया जायेगा।