कानपुर : 40 प्वाइंटों पर पुलिस बल तैनात, 8 ड्रोन से रखी जाएगी जुमे की निगरानी

Share

-जिले में अमन चैन कायम रखने के लिए पुलिस अफसरों संग पुलिस आयुक्त ने बनाई रणनीति

कानपुर, 16 जून (हि.स.)। कानपुर में शुक्रवार जुमे की नमाज से पूर्व पुलिस व जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों व पुलिस कर्मियों संग की विभिन्न मुद्दों व तैयारियों को लेकर गुरुवार को बैठक की। पुलिस ने संवेदनशील इलाके में 40 प्वाइंट बनाते हुए सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस बल तैनात कर दिया और आठ ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।

पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना ने मीटिंग करते हुए भीड़ को काबू करने के साथ ही सौहार्द कायम रखने को लेकर पुलिस अफसरों के साथ रूपरेखा बनाई। उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाके में 40 प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां पर फोर्स तैनात करने के साथ कैमरे लगाए गए हैं। हम लोगों ने मित्र पुलिस और वालंटियर भी बनाए हैं। सिविल डिफेंस के लोग भी सभी प्वाइंटों पर लगाए गए हैं। जिनकी मदद से सभी प्रकार की जानकारियां समय-समय पर मिलती रहेंगी। कुछ विशेष जगहों पर कैमरे के साथ आठ ड्रोन भी लगाए गए हैं, जिनसे चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जाएगी। बैठक में ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी, सभी डीसीपी, एडीसीपी के साथ एसीपी व थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बता दें कि जिले में बीते तीन जून को बेकनगंज इलाके में स्थित नई सड़क पर भड़की हिंसा के बाद से अति संवेदनशील शहरों में कानपुर शामिल है। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दिन-रात मीटिंग व फ्लैग मार्च कर हैं, ताकि शहर का अमन चैन कायम रहे।