फिरोजाबाद, 15 जून (हि.स.)। डीएलएड प्रशिक्षु एवं कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस मौके पर विमलेश विजयश्री प्राचार्य डायट फिरोजाबाद ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशन में चल रहे इस योग सप्ताह कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को योग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है। जिससे कि प्रशिक्षुओं में योग की समझ एवं उसके दैनिक जीवन में योग का महत्व बढ़ सके।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कुंवर विपिन प्रताप भूषण प्रवक्ता डायट ने बताया कि इस योग सप्ताह में संस्थान के कर्मचारियों एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं की प्रतिभागीता सुनिश्चित कराई जा रही है। जिसमें मुख्य रुप से उन्हें योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान, मुद्रा एवं सूर्य नमस्कार आदि का अभ्यास प्रतिदिन कराया जा रहा है। योग सप्ताह के तहत बुधवार को पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने योग से संबंधित विभिन्न आयामों, आकृतियों एवं योग से जुड़े लाभों को पोस्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया।
इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट पोस्टर का निर्माण 2021 बैच की प्रशिक्षु अंजली शर्मा द्वारा किया गया जो कि प्रथम स्थान पर रही वही द्वितीय स्थान काजल कुमारी ने प्राप्त किया एवं प्रशिक्षु अंजली दुबे तृतीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के निर्णायक समिति में डॉ अर्चना सिंह प्रवक्ता कला, डॉ रामशरण सेठ प्रवक्ता हिंदी, अजय प्रताप सिंह प्रवक्ता डायट ने उत्कृष्ट पोस्टर के चयन में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर संस्थान के सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे।