लखनऊ विवि ने छात्राओं व अभिभावकों को जागरूक करने के लिए आयोजित किया कार्यक्रम
लखनऊ, 10 जून (हि.स.)। लखनऊ विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों की छात्राओं एवं अभिभावकों को जागरूक करने हेतु सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रो. सोनिया नित्यानंद निदेशक, डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रहीं।
इस पूरे अभियान की महत्ता को बताते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान से समाज इस रोग के प्रति जागरूक होगा एवं इसके समूल निस्तारण की ओर अग्रसर होगा। संस्थान से ही डॉ. नीतू सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों के संबंध में विस्तृत जानकारी देने के साथ इस बीमारी से बचाव के उपायों तथा स्क्रीनिंग तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व की भी चर्चा की। खुले सत्र में प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रतिभागियों की शंकाओं को दूर करने का भी प्रयास किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने की।
लोहिया संस्थान के एमबीबीएस छात्र छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति से इस विषय की गंभीरता को प्रभावी एवं रोचक रूप से लोगों के समक्ष रखा गया। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के समूल निस्तारण के लिये य कुलाधिपति आनन्दीबेन पटेल ने जागरूकता के लिए विश्वविद्यालयों को आदेश दिये हैं। इसी कड़ी में लखनऊ विवि पहले भी कई कार्यक्रम कर चुका है।