मप्रः सीएम शिवराज ने सद्गुरू वासुदेव जग्गी के साथ लगाए बरगद, पीपल और एक्जोरा के पौधे

Share

भोपाल, 10 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने प्रतिदिन पौधा लगाने के संकल्प के क्रम में शुक्रवार को राजधानी भोपाल के अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान में ईशा फाउंडेशन के संस्थापक परम पूज्य सद्गुरू योगी वासुदेव जग्गी के साथ पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने बरगद, पीपल और एक्जोरा के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह ने भी पौधरोपण किया। साधना सिंह का आज जन्म दिवस है।

इससे पहले मिट्टी बचाओ जन जागरण अभियान पर निकले सद्गुरु योगी वासुदेव जग्गी मोटर साइकिल से सुशासन संस्थान पहुंचे। मुख्यमंत्री चौहान तथा उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह ने औषधीय पौधे भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने यहां बरगद, पीपल और एक्जोरा के पौधों का रोपण किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि पूज्य सद्गुरु योगी वासुदेव जग्गी जी के साथ आज पौधरोपण का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आदरणीय सदगुरु की प्रेरणा से मिट्टी बचाओ अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए मध्य प्रदेश हरसंभव प्रयास करेगा। हम सब मिलकर इस पुनीत ध्येय की सिद्धि में अपना सर्वोत्तम योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि सद्गुरु योगी वासुदेव जग्गी जी मध्यप्रदेश की धरती पर पौधरोपण के लिए आभार व्यक्त करता हूं। आपके इस पुनीत प्रयास से हम प्रदेशवासियों को एक नई प्रेरणा मिली है। आपके आशीर्वाद से हम मिट्टी बचाओ अभियान के विश्वव्यापी कल्याण के मंत्र को सिद्ध करेंगे।

उल्लेखनीय है कि आज लगाए गए पौधों में बरगद का धार्मिक महत्व है,बरगद के पेड़ से कई बीमारियों का इलाज संभव है।पीपल का वृक्ष पर्यावरण शुद्ध करता है। इसका धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व है। एक्जोरा पौधों में लाल, पीले, सफेद या नारंगी फूलों के बड़े समूह होते हैं।