देवरिया, 09 जून (हि.स.)। जनपद में शांति एवं सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने व किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने हेतु समस्त थानों में बलवा ड्रिल का पूर्वाभ्यास गुरुवार को किया गया।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सोनकर के द्वारा जनपद में किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने के उद्देश्य से जनपद के समस्त थानों पर दंगा निरोधक और बलवा निरोधक उपकरणों के प्रशिक्षण एवं अभ्यास का आयोजन किया गया।
इस दौरान पुलिस बल के कर्मियों को विभिन्न प्रकार के शस्त्रों एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का परीक्षण प्रदान किया गया। पुलिस बल को दंगाइयों से निपटने के लिए विभिन्न तरीके सिखाए गए। अभ्यास के दौरान भीड़ को तितर-बीतर करने के विभिन्न तरीकों के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछार, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और दंगाइयों पर रबर के गोले/एंटी राइट गन/ रबर बुलेट गन, टीयर गैस गन, हैंड ग्रेनेड, मिर्ची बम आदि शस्त्रों को चला कर पूर्वाभ्यास किया गया। साथ ही विभिन्न टीमें बनाकर दंगा नियत्रंण हेतु अमल में लाए जाने वाले सभी विधिक प्रावधानों को किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि जनपद में यदि कोई भी व्यक्ति शांति भंग का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जानी चाहिए। इसलिए सभी लोग सदैव मानसिक एवं शारीरिक रूप से तत्पर रहें एवं दंगा नियंत्रण के समस्त उपकरण सदैव सक्रिय दशा में रखें।