मप्र में नगरीय निकाय चुनाव लड़ेगी ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम, सात शहरों में उतारेगी उम्मीदवार

Share

भोपाल, 9 जून (हि.स.)। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) मध्यप्रदेश में निकाय चुनाव लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को इसका ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मप्र के सात शहरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर, खरगोन, बुरहानपुर, रतलाम और खंडवा नगर पालिका निगम के चुनाव लड़ेगी।

हैदराबाद से सांसद और एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बिहार, उत्तर प्रदेश के बाद अब मध्य प्रदेश में भी अपनी जमीन तलाशने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जबलपुर, भोपाल, इंदौर, खरगोन, बुरहानपुर, रतलाम और खंडवा में अपने उम्मीदवार उतारेगी। बताया जा रहा है कि पार्टी जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर देगी। ओवैसी ने कहा कि वह निकाय चुनाव में ही प्रचार करने भी आ सकते हैं।

ओवैसी ने कहा कि मध्य प्रदेश में मजलिस को मजबूत करना है, इसलिए अब पार्टी चुनाव में उतरेगी. उन्होंने एमपी में मजलिस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने में अभी से जुट जाए। इस दौरान ओवैसी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा उन्होंने कहा कि एमपी की जनता ने कांग्रेस को मौका दिया था, लेकिन उन्हीं की पार्टी के विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में चले गए, लेकिन हम अपने वोटों के दम पर कमजोर मजलूमों को मजबूत करेंगे।

उन्होंने खरगोन और सेंधवा में हुई हिंसा की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ”वहां पर बेवजह बुलडोजर चलाया गया, इसलिए अब हमें एक डिसिपिलन के साथ आगे बढ़ना है और चुनाव लड़ना है। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर चुनाव लड़ना है। एआईएमआईएम अध्यक्ष ने अभी से विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश ईकाई के कार्यकर्ताओं से कहा कि वह एक अच्छी टीम बनाए और निकाय चुनाव में मेहनत करें, ताकि आगे विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी भी की जा सके।

गौरतलब है कि एआईएमआईएम मध्य प्रदेश में पहली बार चुनाव लड़ने जा रही है। इससे पहले ओवैसी की पार्टी बिहार उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ चुकी है. जबकि दक्षिण के कई राज्यों में भी ओवैसी की पार्टी अपना विस्तार कर चुकी है।

मप्र में के निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। इसके लिए 6 जुलाई और 13 जुलाई को मतदान किया जाएगा। पहले चरण के चुनाव के परिणाम 17 और दूसरे चरण के चुनाव के परिणाम 18 जुलाई को घोषित किए जाएंगे। कुल 347 निकायों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 133 और दूसरे चरण में 214 निकायों पर मतदान होगा। इसके लिए 11 जून को अधिसूचना जारी होगी और इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।