अनूपपुर, 8 जून (हि.स.)। जिले के चचाई थाना क्षेत्र के देवहरा चौकी अंतर्गत ग्राम बरहाटोला (खम्हरिया) में बुधवार की दोपहर अपने साले और एक अन्य के साथ पड़ोस के सुथना नदी पर बने नव निर्मित स्टॉपडेम के पास मिट्टी से बांधे गये पानी में नहाने गए 25 वर्षीय युवक सोहन सिंह की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर चौकी प्रभारी देवहरा घटना स्थल पर पहुंचे और मौका निरीक्षण कर शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सोहन सिंह पुत्र जमादार सिंह निवासी ग्राम पडौर थाना भालूमाडा जो विगत 5 वर्ष से गहानियां के रूप में अपने ससुराल ग्राम बरहाटोला में रहता था, बुधवार की दोपहर 3 बजे अपने साला चंद्रभान सिंह एवं सुखलाल सिंह के साथ गांव के पास स्थित सुथनानदी में नव निर्मित स्टॉपडेम के पास मिट्टी से बांधे गये पानी में नहाने के लिए गया था। यहां नहाते समय सोहन अचानक तीन-चार फिट गहरे पानी में डूब गया। सोहन को डूबते देख उसके साले चंद्रभान सिंह और सुखलाल सिंह ने पानी के अंदर सोहन को खोज कर उसे बाहर निकाला। लेकिन तक तक उसने दम तोड़ दिया था। घटना की जानकारी ग्रामीणों के साथ पुलिस चौकी देवहरा को दिए जाने पर चौकी प्रभारी संजय खलखो दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर युवक की मौत के बाद उसके परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।