गरीब कल्याण और सेवा सुशासन के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ा रही है सरकार: रघुवीर बिष्ट

Share

गोपेश्वर, 03 जून (हि.स.)। भाजपा के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 8 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब कल्याण, सेवा सुशासन के मूल मंत्र के साथ विकास को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब कल्याण की अनेकों योजनाएं चलाकर गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाया है।

जिलाध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि इन आठ सालों में हमारा देश एक समृद्धशाली राष्ट्रों में सुमार हो गया है। भारत की अर्थव्यवस्था एवं विकास की दर विश्व में मंदी के दौर में भी सबसे मजबूत है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की अनेकों योजनाएं चल रही हैं। जनधन के खाते खोलकर सरकार की अनेकों कल्याणकारी योजनाओं की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के खाते में जा रही है। इन आठ वर्षों में गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास के तहत पक्के घर बनाए गए हैं, घरों में सौभाग्य योजना से विद्युत के कनेक्शन लगाकर गरीब के घर में रोशनी दी जा रही है। इतना ही नहीं जल मिशन के तहत हर घर में नल और नल में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय का निर्माण कर स्वच्छता के प्रति जन-जन को जागरूक किया है। कोविड-19 काल के दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं चुस्त-दुरुस्त हुई हैं। आज देश पीपीई किट बनाकर निर्यातक देश की श्रेणी में भी आ गया है। देश में ही कोरोना की वैक्सीन बना कर भारत ने यह बता दिया कि हम अब किसी विदेशी टेक्नोलॉजी पर आश्रित नहीं रहे। हमारा प्रयास है कि देश के सभी जिला मुख्यालयों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाए जिससे पूरे देश में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ हो सके।

उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि से देश के किसानों का आर्थिक स्तर बढ़ा है। गरीबी रेखा से नीचे यापन करने वाली महिलाओं के लिए उज्ज्वला गैस कनेक्शन, किसान पेंशन, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन एवं अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं के लिए दी जाने वाली धन राशि में दुगनी वृद्धि हुई है। इतना ही नहीं भूतपूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन देकर उनका सम्मान बढ़ाया है। देश में चारों ओर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण तेजी से हो रहा है।