बागेश्वर, 19 मई (हि.स)। नगर क्षेत्र में तहसील रोड विवेक होटल के पास और गोमती पुल पर काफी समय से कूड़े का ढेर देखने को मिलता था। इससे नगर वासियों और राहगीरों को काफी समय से सामना करना पड़ा रहा था, लेकिन अब इस समस्या से लोगों को छुटकारा मिल गया है।
इसके लिए नगर वासियों ने नगरपालिका को कई शिकायत पत्र भी दिए थे, लेकिन इस पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं हो रही थी। नए अधिशासी अधिकारी सतीश कुमार ने कूड़ा एकत्र करने के लिए तहसील रोड पर सीढ़ियों के नीचे बनाए गए अंडर ग्राउंड कूड़ादान की सफाई कराना शुरू कर दिया। इससे सबसे पहले और आज की तस्वीरों में काफी अंतर देखने को मिल रहा है।
अब गोमती पुल पर शाम 06 बजे से लेकर सुबह तक नगरपालिका की कूड़ादान गाड़ी कूड़ा लेने के लिए खड़ी रहती है। इसके बाद अब नगर के दोनों हिस्सों की हालत में काफी सुधार आया है और लोग अंडरग्राउंड कूड़ेदान में ही कूड़ा फेंक रहे हैं जिससे कि नगर क्षेत्र में भ्रमण करने वाले राहगीरों को काफी राहत मिल रही है। साथ ही कूड़ा दान के आस-पास वाले एरिया के लोगों को भी अब दुर्गंध से छुटकारा मिल गया है।
अधिशासी अधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि जल्द ही डंपिंग जोन को लेकर भी व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल जंपिंग जोन के लिए शासन को आवेदन भेज दिया गया है। जल्द ही इस पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।