हरिद्वार, 19 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने चारधाम यात्रा में हो रही अव्यवस्थाओं और इससे यात्रियों को हो रही परेशानियों के खिलाफ भगत सिंह चौक पर विरोध प्रदर्शन कर सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया।
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि चारधाम में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि सरकार के पर्यटन मंत्री कोरी बयानबाजी कर व्यवस्थाओं को सुधारने की बात करते हैं। भाजपा के प्रवक्ता यात्रा के दौरान हो रही श्रद्धालुओं की मौतों को मोक्ष का मार्ग बताकर अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं। बिना इलाज मार्मिक और दर्दनाक मौतों पर अफसोस जताने की जगह उपहास उड़ा रहे हैं। यात्रा के दौरान अब तक 41 लोगाें की मृत्यु हो चुकी है और गूंगी बहरी सरकार और पूरा सरकारी अमला मुख्यमंत्री को चंपावत चुनाव जिताने में लगा हुआ है।
हेमा भण्डारी ने कहा कि पर्यटन मंत्री अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं और उल्टा व्यापारियों को दोष दे रहे हैं। जबकि दो साल कोरोना में यात्रा प्रभावित रही। इस वर्ष चार धाम यात्रा में भारी श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद सब कर रहे थे लेकिन सरकार ने समय रहते कोई कदम नहीं उठाएं और न ही समय रहते आला अधिकारियों से यात्रा संभावित कोई बैठक की।
इस अवसर पर प्रदेश उपाद्यक्ष नरेश शर्मा, हेमा भण्डारी, अनिल सती, संजू नारंग श्रवण गुप्ता, मयंक गुप्ता, आशीष गौड़, शिशुपाल सिंह नेगी, रेखा देवी, अनुज कुमार, गीता देवी, खालिद हसन, संजय गौतम, शमशाद, भरत कुमार आदि मौजूद रहे।