मुख्यमंत्री के प्रयासों का असर कार्यालयों में दिखने लगा

Share

-डीजीपी अशोक कुमार ने अधिकारियों को दिया निर्देश

देहरादून, 19 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री के आरटीओ में की गई सख्त कार्रवाई का अब अन्य तमाम सरकारी महकमों में भी असर दिखने लगा है।

डीजीपी अशोक कुमार ने गुरुवार को इस आशय का एक निर्देश जारी करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को अनिवार्य रूप से ड्यूटी पीरियड में अपने कार्यालयों में रहने के निर्देश दे दिए गए हैं। कई अन्य सरकारी कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी समय पर ड्यूटी पहुंचते देखे गए।

पुलिस मुख्यालय से आज पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने एक लिखित आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को 10 बजे से 6 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालयों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। वही सभी एसएसपी कार्यालयों को भी कहा गया है कि वह 10 से 5 तक ऑफिस में उपलब्ध रहें। अपरिहार्य स्थिति में अगर वह कहीं जाने वाले हैं तो इसकी सूचना बड़े विभागीय अधिकारियों को जरूर दें। निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि निर्देशों का पालन न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

डीजीपी अशोक कुमार का कहना है कि मुख्यालय 24 घंटे यूं तो काम करता है, लेकिन दिन में अधिकारियों की 10 से 6 बजे तक कार्यालय में उपस्थिति अनिवार्य होगी। एसएसपी और एसपी पदों पर कार्यरत अधिकारी किसी विभागीय कार्य से दफ्तर से बाहर जाते हैं तो इसकी सूचना देनी होगी।

उधर मुख्यमंत्री धामी के द्वारा बीते कल आरटीओ दून में की गई छापेमारी का असर गुरुवार को आरटीओ हरिद्वार कार्यालय में भी देखने को मिला। आरटीओ रत्नाकर सिंह आज समय से कुछ मिनट पहले ही अपने दफ्तर पहुंच गए थे वही अन्य कर्मचारी भी थोड़ा बहुत आगे पीछे दफ्तर पहुंचते दिखे। नगर निगम दून और डीएसओ दून कार्यालय में भी कर्मचारी कुछ हद तक सतर्क दिखे।