मंदसौर 18 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, स्वामित्व योजना एवं प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के माध्यम लाभ वितरित किया। इस कार्यक्रम का प्रसारण रीवा जिले से किया गया। जिला स्थित एनआईसी केंद्र से इस कार्यक्रम को देखा व सुना गया। इस दौरान जिले के 5 किसानों को किसान कल्याण योजना के प्रमाण पत्र दिए तथा 5 छात्र- छात्राओं को निशुल्क मूंग वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका गोस्वामी, कलेक्टर गौतम सिंह, सीईओ जिला पंचायत कुमार सत्यम सहित किसान एवं स्कूल के छात्र मौजूद थे।
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में मंदसौर जिले के 2 लाख 5 हजार 969 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रथम किस्त के 41 करोड़ 19 लाख 38 हजार रूपये का भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत मंदसौर जिले में अब तक कुल 1 अरब 11 करोड़ 82 लाख की राशि वितरित हो चुकी है।
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना माह सितम्बर 2020 से प्रारंभ की गई। इस योजना में प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 2000 रूपयें की दो समान किश्तों में कुल 4 हजार रुपए का भुगतान पात्र किसानों को किया जाता है। वित्तीय वर्ष के अंतर्गत दी जाने वाली प्रथम किस्त का भुगतान 01 अप्रेल से 30 सितम्बर के मध्य तथा द्वितीय किश्त का भुगतान 01 अक्टूबर से 31 मार्च के मध्य किया जाता है।
स्कूली बच्चों को वितरित की मूंग
जिले के कुल 62 हजार 916 स्कूली बच्चों को 10 लाख 37 हजार 30 किलो मूंग का निशुल्क वितरण सिंगल की क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री ने रीवा जिले से किया। जिले में कक्षा 1 से 5 तक 36 हजार 713 छात्र / छात्राएं तथा कक्षा 6 से 8 तक 26 हजार 203 छात्र / छात्राऐं है। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में छात्र – छात्राओं को साबुत मूंग का निःशुल्क वितरण शासन के द्वारा किया जाएगा।