हरिद्वार, 18 मई (हि.स.)। एमएस टाॅप ऑफ द वर्ल्ड प्लस साइज 2021 का खिताब जीतने वाली पायल अग्रवाल ने कहा कि आत्मविश्वास और प्रतिभा से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
बुधवार को पत्रकारवार्ता के दौरान ज्वालापुर निवासी पायल अग्रवाल ने बताया कि कोरोना काल के दौरान ऑनलाइन आयोजित की गयी एमएस टाॅप ऑफ द वर्ल्ड प्लस साइज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उनकी बेटियों ने उन्हें प्रेरित किया। विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में पहले राउंड में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने टैलेंट राउंड में भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी।
पायल अग्रवाल ने गृहणियों को संदेश देते हुए कहा कि कभी भी सीखना बंद ना करें। अपने परिवार के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा करें। नये कौशल सीखते हुए खुद को अपग्रेड करें। उन्होंने बताया कि पूरे परिवार के सहयोग से ही वह यह बेस्ट अवार्ड जीत सकी हैं। पायल अग्रवाल की माता उषा, पिता सुनील कुमार अग्रवाल ने भी अपनी बेटी की उपलब्धि पर हर्ष जताया।