भाजपा का चिंतन व्यक्ति और परिवार के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र के लिए है : महेंद्र भट्ट

Share

गोपेश्वर, 18 मई (हि.स.)। भाजपा के पूर्व विधायक महेन्द्र प्रसाद ने कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के निर्माण में हर कार्यकर्ता का अपना महत्वपूर्ण योगदान रहा है, हमारा चिंतन व्यक्ति और परिवारों के लिए नहीं अपितु राष्ट्र के लिए है। यह बात उन्होंने बुधवार को थराली विकास खंड के ग्वालदम में भाजपा के आयोजित तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र का उद्घाटन के अवसर पर कही।

मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र के साथ पार्टी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के इसी विश्वास के साथ पार्टी को विभिन्न प्रदेशों में जनता से सत्ता सौंपी है। दर्जा धारी बीरेन्द्र बिष्ट ने कहा कि देश में मजबूत नेतृत्व होने के कारण ही कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35 ए, तीन तलाक, सीएए और राम मन्दिर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे भाजपा के प्रति जनता आशान्वित हुई है। जनता के इसी विश्वास को बनाये रखने के लिए कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को कार्य करते रहना होगा।

कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री बलवीर घुनियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष चन्द्रकला तिवारी, राजेन्द्र भण्डारी, डीसीबी के अध्यक्ष गजेन्द्र रावत, शान्ति राणा, जिला मीडिया प्रभारी महावीर रावत आदि मौजूद थे।