सप्ताहांत में भारी वाहनों पर रोक

Share

देहरादून, 18 मई (हि.स.)। चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को जाम के झाम से बचाने के लिए प्रशासन ने कई कदम उठाए हैं। इसके तहत आज मसूरी के कैम्पटी फॉल और ऋषिकेश के मुनि की रेती में सप्ताहांत पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

ये दोनों पर्यटक स्थल टिहरी जिले के अंतर्गत आता है लेकिन यह चार यात्रा मार्ग पर पड़ता है। देहरादून से चारधाम यात्रा शुरू करने वाले यात्री मसूरी होते हुए कैम्पटी फॉल होकर यमनोत्री पहुंचते हैं। साथ ही इन स्थानों पर सप्ताहांत पर आम पर्यटक भी पहुंचते हैं। इसी के दृष्टिगत प्रशासन ने यह फैसला लिया है।

टिहरी जिलाधिकारी इवा श्रीवास्तव ने बताया कि कैम्पटी फॉल में भारी वाहनों के कारण जाम लग रहा था। इसकी जानकारी जब हमें मिली तो प्रशासन ने जाम की समस्या को दूर करने के लिए यह फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार को कैम्प टी फॉल और मुनि की रेती में सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा।

मैदानी इलाकों में बढ़ रही गर्मी और स्कूलों में गर्मी की छुट्टी पड़ने पर उत्तराखंड में पर्यटन सीजन शुरू हो जाता है। साथ ही पिछले दो सप्ताह से चारधाम यात्रा भी चल रही है। इस कारण इन दिनों पर्यटक स्थलों पर कैम्पटी फॉल और ऋषिकेश के मुनि की रेती क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ गया है। इसे देखते हुए ही प्रशासन ने यह फैसला लिया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस फैसले की जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।