मुरैना: एसडीएम ने किया ऑक्सीजन प्लांटों का औचक निरीक्षण

Share

मुरैना, 09 मई (हि.स.)। कोविड के मरीज बढऩे लगे हैं। कोविड की चौथी लहर को रोकने के लिये पॉजिटिव व्यक्तियों को समुचित ईलाज समय पर मिले, इसके लिये ऑक्सीजन प्लांटों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसडीएम मुरैना शिवलाल शाक्य ने सोमवार को जिला चिकित्सालय पहुंचकर ऑक्सीजन प्लांटों का अवलोकन किया। ऑक्सीजन प्लांट का अवलोकन करते समय उन्होंने प्रत्येक वार्ड, पलंग पर पहुंचकर ऑक्सीजन पॉइंट का अवलोकन किया, ऑक्सीजन आने की प्रक्रिया को भी देखा। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. विनोद गुप्ता, आरएमओ डॉ. महेश शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

एसडीएम ने कहा कि चौथी लहर आने की संभावना को ध्यान में रखते हुये स्वास्थ्य के क्षेत्र में सभी तरह की व्यवस्थाएं अपडेट रहें, विषम परिस्थितियों में उनसे लडऩे के लिये हमें अपडेट रहना चाहिये। भ्रमण के समय सिविल सर्जन डॉ. विनोद गुप्ता ने बताया कि कोविड की कितनी भी भयानक स्थिति बने, उससे निपटने के लिये जिला चिकित्सालय में 400 पलंगों पर ऑक्सीजन 24 घंटे उपलब्ध करायी जा सकती है, इस प्रकार की व्यवस्थायें जिला चिकित्सालय में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर. 285, जम्बो ऑक्सीजन सिलेण्डर 350., एक एलएमओ प्लांट, 2 ऑक्सीजन प्लांट सहित वेंटीलेटर 15 एवं नवीन भवन के तीनों फ्लोर पलंग सहित तैयार है। किसी भी प्रकार की कोविड परिस्थितियों से निपटने के लिये जिला चिकित्सलय अपने आप में सक्षम है।