दया दूसरों की ओर विनम्र और विचारशील होने का गुणः डा. चौधरी

Share

हरिद्वार, 08 मई (हि.स.)। रेडक्रास सचिव के संयोजन में विश्व रेडक्रास के उपलक्ष्य पर वानप्रस्थ आश्रम हरिद्वार में स्वास्थ्य शिविर, वैक्सीनेशन एवं संगोष्ठी हुई। संगोष्ठी में 2022 का थीम बी ह्यूमन काइंड निर्धारित किया गया।

रेडक्रास सचिव डा. नरेश चौधरी ने संगोष्ठी में कहा कि दया दूसरों की ओर विनम्र और विचारशील होने का गुण है। यह एक ऐसा गुण है जो हर किसी के पास होना चाहिए। यह विनम्र होने और या किसी को भावनात्मक समर्थन देने के रूप में छोटे से योगदान के रूप में भी हो सकता है। सभी को आसपास के व्यक्तियों की सहायता प्रदान करने और उनसे अच्छा व्यवहार करने के लिए धनी होने की जरूरत नही है। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज के लिए परोपकार का कार्य करते हैं और लोगों की उनके बडे एवं छोटे कार्यों में सहायता भी करते हैं वे उन लोगों से अधिक खुश रहते हैं, जो सिर्फ अपने लिए कार्य करते हैं।

रेडक्रास की वाइस चेयरमैन डा. उर्मिला पाण्डेय ने कहा कि विश्व रेडक्रास दिवस मनाने का उद्देश्य यही है कि आम जनमानस को मानवीय सहायता उपलब्ध करने के लिए समाज में अपना योगदान का अवसर जरूर प्रदान करना चाहिए। यूथ रेडक्रास प्रभारी पूनम ने कहा कि रेडक्रास संस्था का मुख्य उद्देश्य विपरीत परिस्थितियों में जनसमाज के जीवन की रक्षा करना है।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एचडी शाक्य ने कहा कि रेडक्रास ने मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वयं प्रेरित सेवा, एकता एवं सार्वभौमिकता के सिद्धान्तों को आत्मसात किया है। जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने भी अपने संदेश में रेडक्रास स्वयं सेवियों को शुभकामनाएं देते हुए आवाह्न किया कि रेडक्रास स्वयं सेवक युद्ध एवं आपदा में बढ़-चढ़ कर सक्रिय सहयोग करते ही हैं। वानप्रस्थ में रहने वाले सभी निवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं पात्र लाभार्थियों को कोविड-19 की बूस्टर डोज भी लगाई गई।

कार्यक्रम में डा. भावना जोशी, डा. आराधना रावत, डा. अंजली, डा. वैशाली, डा. हेमलता, डा. वर्षा, डा. आकांक्षा पंवार, डा. आकांक्षा कैन्तुरा, डा. रेणु, डा. दीपिका, डा. चारुल ने सक्रिय सहभागिता की।