हरिद्वार, 5 अप्रैल (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र अंतर्गत दो सगे भाइयों के गंगा में डूबने का मामला सामने आया है। दोनों गंगा घाट पर नहाने गए थे, तभी वे गंगा में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंची।
मंगलवार को जगजीतपुर के रहने वाले दो भाई नैतिक (16) और हर्ष (13) घर से साइकिल पर गंगा नहाने के लिए साखी घाट पहुंचे थे। साखी घाट पर दोनों रेलिंग पर चढ़े और गंगा की मुख्यधारा में कूद गए लेकिन धारा के विपरीत नहीं लौट पाए और बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस व गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम बच्चों की तलाश में जुटी है।