भोपाल, 03 अप्रैल (हि.स.)। देश भर में भारतीय नौसेना के जनक माने जाने वाले वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की 342वीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है। आज ही के दिन 03 अप्रैल, 1680 में बीमारी की वजह से उनकी मृत्यु हो गई थी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने निवास सभा कक्ष में छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्य-तिथि पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने छत्रपति शिवाजी की पुण्य-तिथि पर उनके योगदान का स्मरण करते हुए ट्वीट किया है कि- “जब हौंसले बुलन्द हों तो पहाड़ भी मिट्टी का एक ढेर लगता है। मराठा साम्राज्य के संस्थापक, वीर योद्धा, कुशल प्रशासक, महान सेना नायक वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्य-तिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। आपकी गौरव गाथा हर भारतीय के लिए प्रेरणा का महान स्रोत है।”