चुनाव चाहे जो भी हो जनता करे राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत : योगेन्द्र उपाध्याय

Share

फिरोजाबाद, 03 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय रविवार को फिरोजाबाद पहुंचे। उन्होंने कहा कि चुनाव चाहे जो भी हो जनता राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करने का काम करे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री ने जो बड़ी जिम्मेदारी उन्हें दी है, वह उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय रविवार को लखनऊ एक्सप्रेस से फिरोजाबाद पहुंचे। जहां उनका भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि जनता को मोदी-योगी से अपेक्षाएं हैं, दोनों नेता इन अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। जनता राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करती रहे चाहे जो भी चुनाव हो। पार्षद से लेकर लोकसभा तक के चुनावों में हमें राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने हमें बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।

उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ताओं ने हमारा जो स्वागत किया। वह हमें प्रेरणा दे रहा है कि मैं नई जिम्मेदारी से अपना काम करूं। जहां तक सवाल है कि भविष्य की योजनाएं तो हमारा संकल्प पत्र में शब्द है संकल्प और संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता। इसलिए उसे पूरा करना है और उसकी परिधि में शिक्षा, शैक्षणिक वातावरण, विद्यार्थी और शिक्षक सबके हित कैसे साधे जाएं और कैसे उनके हितों की रक्षा की जा सके वह काम करेंगे। शिक्षा के स्तर पर उन्होंने कहा की पिछली सरकारों में शिक्षा का स्तर इतना गिरा था कि उसे पटरी पर लाने का काम हमारी सरकार ने किया। अब शिक्षा के स्तर को तेज रफ्तार लाने के लिए योगी 2.0 सरकार काम कर रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।