– दमकल गाड़ी ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
– लाखों रुपये के नुकसान देख गृहस्वामी के परिवार में मचा कोहराम
– पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
हमीरपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। जरिया थाना क्षेत्र के धगवां गांव में किसान के बाड़े में अचानक आग लग गई। जिसमें तीन मवेशियों की जलकर मौत हो गई। तीन बुरी तरह से झुलस गए। बाड़े में खड़ा ट्रैक्टर भी जल गया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
रविवार को धगवां गांव के बीरेन्द्र सिंह बापू पुत्र धनीराम राजपूत के बाड़े में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बाड़े में गाय व उसका बछड़ा तथा चार भैंसे बंधी हुई थी। आग का विकराल रूप देखते ही ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। जब तक तीन मवेशियों की आग लगने से मौके पर मौत हो गई थी। तथा तीन मवेशी गंम्भीर रूप से झुलस गये थे। पास में खड़ा ट्रैक्टर व अन्य कृषि यंत्र भी आग की चपेट में आकर जल गये। ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी भयंकर थी कि आनन फानन में उसने विकराल रूप ले लिया था। पीड़ित बीरेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि आग लगने का कोई कारण पता नहीं चल पा रहा है। मवेशियों को चारा पानी दे कर वह खेत पर चला गया था।
सूचना पर जब वह वापस आया तो तीन जानवर मृत पड़े थे। ट्रैक्टर व अन्य कृषि यंत्र जले पड़े थे। कहा कि हमारा लगभग चार लाख रुपये नुकसान हुआ है। ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सूचना पर लेखपाल ओमप्रकाश पटेल व राजस्व विभाग की टीम आग जनी हुए नुकसान के आकलन के लिए मौके पर पहुंच गये हैं।