कानपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। रवी फसल की कटाई इन दिनों जोरों पर चल रही है तो वहीं कभी कभार आसमान में बादल भी छा जाते है। इससे किसानों में चिंता की लकीरे बढ़ जाती है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है और बताया गया कि तीन दिनों तक आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसके बाद आसमान में हल्के बादल आ सकते हैं।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि आज का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से 1.7 कम है। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 76 प्रतिशत और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता न्यूनतम 17 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 3.2 किमी प्रति घंटा रही।
बताया कि भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, पहले तीन दिनों में आसमान साफ रहेगा और शेष दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। अतः किसानों को सलाह दी जाती है कि वे गर्मी की लहर बचाव हेतु सुबह 11 बजे से शाम 04 बजे के बीच खेतों पर कोई कार्य न करें तथा फसलों में हल्की सिंचाई 10 -12 दिन के अन्तराल पर सायंकाल के समय करें। पशुओं को सुबह 11 बजे से शाम 04 बजे तक चरने लिए बाहर न छोड़े। पशुओं को सुबह-शाम नहलायें। रबी की परिपक्व फसलों की कटाई एवं मडाई के कार्य के लिए मौसम अनुकूल है।