संचारी रोग से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने वाले वाहनों को विधायक ने दिखाई हरी झंडी

Share

– कहा, बचाव के प्रति जागरूकता से ही प्रभावी नियंत्रण सम्भव

– आश्वस्त किया, ”गांव-गांव जाकर सहयोग को रहूंगी हमेशा तैयार”

बलिया, 02 अप्रैल (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 30 अप्रैल तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ बांसडीह की विधायक केतकी सिंह ने शनिवार को किया। उन्होंने संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पूरे जिले में चलने वाले प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

विधायक केतकी सिंह ने संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे विशेष प्रयास के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में विधायक श्रीमती सिंह ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री की सोच है कि समाज स्वस्थ रहेगा तभी आगे बढ़ेगा। जब अभियान पूरा हो जाए तो जरूर बताएं। हम लोग भी गांव-गांव जाकर क्रियान्वयन पर नजर रखेंगे और जागरूकता अभियान में सहयोग भी करेंगे। नदी किनारे गांवों में भी जरूर अभियान के अंतर्गत कार्यवाही हो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष प्रयास का सकारात्मक परिणाम भी दिखा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अगर बुखार हो तो अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं। इधर-उधर झोला छाप डॉक्टर के चक्कर में नहीं पड़ना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को जेई के दोनों टीके जरूर लगवा लें।