सावधानी से होगा रोगों से बचाव: डॉ. अखिलेश मोहन

Share

मेरठ, 02 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने कहा कि सावधानी बरतना ही रोगों से बचाव का सबसे महत्वपूर्ण उपाय है। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान को सफल बनाया जाए।

पुलिस लाईन स्थित अरबन हेल्थ पोस्ट से शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान की रैली को सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 02 अप्रैल से प्रारंभ होकर 30 अप्रैल तक चलेगा। दस्तक अभियान 15 से 30 अप्रैल 2022 तक चलेगा, जिसमें विभिन्न विभागो द्वारा जागरूकता व रोकथाम आदि विषयो पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान में छोटी माता, चेचक, हैजा, डेंगू ज्वर, सूजाक, हेपेटाइटिस ए, हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी, कोरोना आदि रोग आते है। उन्होंने कहा कि रोगों से बचाव का बेहतर उपाय रोगों के प्रति सावधान रहना व बचाव के उपाय करना भी है। अभियान के अंतर्गत लोगों को रोगों के लक्षणों के प्रति सतर्क करते हुए बचाव के उपाय बताये जायेंगे।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि अभियान अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक ब्लॉक के एबीएसए कार्यालय में ब्लॉक के नोडल अध्यापकों को प्रशिक्षित किया जायेगा। प्रत्येक ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी द्वारा ब्लॉक पर ग्राम प्रधानों का संवेदीकरण किया जायेगा। आईसीडीएस विभाग द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के दौरान कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण एवं जनजागरूकता अभियान में आशा एवं एएनएम का सहयोग करने हेतु प्रशिक्षित किया जायेगा।