ट्रेड यूनियन आंदोलन पर लगातार हो रहे सरकारी कुठाराघातः अंशुमान

Share

– दो दिवसीय हड़ताल में कर्मियों ने की जमकर नारेबाजी

हमीरपुर, 29 मार्च (हि.स.)। हमीरपुर प्रधान डाकघर में दो दिवसीय हड़ताल में आज आल इण्डिया पोस्टल इम्प्लाइज यूनियन गरुप सी के मंडलीय सचिव अंशुमान पाठक के नेतृत्व में गेट मीटिंग कर कर्मियों ने जमकर नारेबाजी की।

मीटिंग में अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के मंडलीय सचिव अंशुमान पाठक ने कहा कि ट्रेड यूनियन आन्दोलन पर सरकारी कुठाराघात लगातार हो रहे है इसलिए कर्मचारियों को अब आन्दोलन के गौरवशाली इतिहास को न सिर्फ समझना होगा बल्कि अपने अधिकारों के प्रति सजग भी रहना होगा।

कहा कि भारत जैसे कल्याणकारी राज्य में कर्मियों से उनके सामाजिक सुरक्षा के सबसे बड़े अधिकार को छीनकर अनिश्चित एनपीएस के लागू होना एकतरफा और अन्यायपूर्ण कदम है। अल्टीमेटम देते कहा कि अगर पेंशन समेत तमाम मांगे नहीं पूरी की गई तो यह आन्दोलन लम्बा चलेगा। इस मौके पर एआईबीईए के अनुराग पाण्डेय, रोहित कुमार, रिषभ मिश्रा, राजगौरव त्रिवेदी, महेन्द्र सिंह, सत्यप्रकाश, कालीचरण, शिवपाल, मोहित शिवहरे समेत तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।

दूसरे दिन भी कार्य से विरत रहे विद्युत,बैंक डाक कर्मी

ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर शुरू हुई दो दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन भी विद्युत,डाक व बैंक कर्मी कार्य से विरत रहे। इससे लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इंडियन बैंक एवं पंजाब एंड सिंध बैंक की हड़ताल में शामिल होने के कारण कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्र की शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। इससे करोड़ों का लेनदेन प्रभावित हुआ। ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर विद्युत विभाग डाकघर व बैंक कर्मी दो दिवसीय हड़ताल पर थे। हड़ताल के दूसरे दिन यह कार्य से विरत रहे। कस्बे के विद्युत सब स्टेशन के साथ डाकघर, इंडियन बैंक व पंजाब एंड सिंध बैंक में कामकाज ठप रहने से लोग परेशान रहे। बैंकों में हड़ताल रहने दो दिन में करीब पांच करोड़ का लेनदेन प्रभावित होने की आशंका जाहिर की गई है। इंडियन बैंक की शाखा सुमेरपुर, इंगोहटा, छानी व मुंडेरा में दो दिन से लेनदेन न होने तथा पंजाब एंड सिंध बैंक में कामकाज ना होने से उपभोक्ता परेशान रहे।