-रवि और विकास ने जीते स्वर्ण और आर्यन ने हासिल किया रजत
प्रयागराज, 28 मार्च (हि.स.)। गोरखपुर में 26 एवं 27 मार्च को आयोजित हुई अखिल भारतीय अंतर रेलवे ग्रीको-रोमन कुश्ती प्रतियोगिता में उत्तर मध्य रेलवे ने तीन मेडल प्राप्त किए। प्रतियोगिता मे उत्तर मध्य रेलवे के रवि और विकास ने जहां स्वर्ण पदक जीते वहीं आर्यन पवार ने रजत पदक हासिल किया। इसके लिए सोमवार को सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बधाई दी।
वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने सोमवार को बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के पहलवान विकास ने 60 किलोग्राम श्रेणी में 9-0 से बनारस रेल इंजन कारखाना को, 9-0 से रेल सुरक्षा बल को, 8-0 से मध्य रेल और फाइनल में पश्चिम रेल के पहलवान राजकुमार को 8-0 से हराया। विकास ने सभी पहलवानो को 3 मिनट से पहले कुश्ती मे हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इसी क्रम में रवि ने 97 किलोग्राम श्रेणी में 5-0 से पूर्व मध्य रेल को, 6-0 से मध्य रेल को, 8-0 से पूर्वोत्तर रेल को और फाइनल में 5-0 से उत्तर पश्चिम रेलवे के पहलवान परवीन को हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं आर्यन पवार ने 130 किलोग्राम श्रेणी में 7-2 उत्तर पश्चिम रेलवे को, 5-1 मध्य रेल को, सेमीफाइनल में बनारस रेल इंजन कारखाना के पहलवान अरविंद को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया और सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
मालवीय ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे ने प्रतियोगिता में सिर्फ तीन प्रविष्टियां भेजीं और उन सभी ने पदक जीते। ये तीनों पहलवान उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में कार्यरत हैं। इनकी इस उपलब्धि पर उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष शरद मेहता ने तीनों पहलवानों को बधाई दी। उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के महासचिव नितिन गर्ग ने भी रवि, विकास और आर्यन को बधाई दी और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं तथा आशा व्यक्त की कि भविष्य में इसी प्रकार उत्तर मध्य रेलवे और राष्ट्र के लिए उपलब्धि अर्जित करते रहेंगे।