कलेक्टर बोले-जिलेभर में होंगे एक्टिव एक्शन, कानून का चलेगा राज
छतरपुर, 27 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अपराधियों के खिलाफ सख्त निर्देशों के परिपालन में जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। भूमाफियाओं, गुंडो-बदमाशों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें धराशायी किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को छतरपुर जिला प्रशासन ने सटई के ग्राम कसार में कार्यवाही करते हुए भूमाफिया के मकान को जमींदोज कर दिया।
जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर संदीप जी. आर. और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा छतरपुर जिले से गुंडे माफियाओं को जड़ से नष्ट करने के लिए जुट गए हैं। रविवार को बिजावर तहसील के कसार गांव में अपराधी और माफिया अब्दुल सत्तार उर्फ भैया काटर के आलीशान मकान को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुल्डोजर से तोड़ा गया। कलेक्टर का कहना है कि जिले में कानून का राज चलेगा और गुंडे-बदमाशों के खिलाफ सख्त एक्शन लिए जाएंगे। इस कार्रवाही में राजस्व, पुलिस प्रशासन का अमला मौके पर मौजूद रहा।