नर्मदा का पानी सीहोर तक लाने को लेकर कांग्रेस करेगी पांच चरण में आंदोलन

Share

– दो अप्रैल से आरंभ होगा पहला चरण

सीहोर, 27 मार्च (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. बलवीर तोमर का कहना है कि नर्मदा का पानी सीहोर तक लाने की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा ग्यारह साल बाद भी पूरी नहीं हुई। ऐसे में हर साल शहरवासियों को जलसंकट का सामना करना पड़ता है। सीएम को उनकी घोषणा याद दिलाने के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के द्वारा लगातार एक माह तक सभी कांग्रेसजन सीहोर के सभी ब्लाकों में पांच चरण में आंदोलन की शुरूआत करेंगे।

इस संबंध में रविवार को बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी में एक विशेष बैठक का आयोजन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. तोमर की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नईम नवाब, राजाराम बड़े भाई, कांग्रेस नेता राजेन्द्र ठाकुर आदि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

इस मौके पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष यादव ने बताया कि नर्मदा का पानी सीहोर लाने की मांग के साथ-साथ महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ और किसानों की मांगों के समर्थन पहला चरण आगामी दो अप्रैल से आरंभ किया जाएगा। सुबह दस बजे से शहर के तहसील चौराहे पर समस्त कांग्रेस संगठनों के द्वारा पूरी एकजुटता के साथ एक दिवसीय अनशन किया जाएगा। इसके पश्चात नर्मदा की मांग को लेकर खाली मटके प्रशासन को भेंट किए जायेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान ने करीब दस-ग्यारह साल पहले नगर पालिका चुनाव के दौरान सीहोर में नर्मदा का जल लाने की घोषणा की थी। तब नगर पालिका के दो कार्यकाल बीत चुके हैं, लेकिन नर्मदा का जल लाने के लिए कोई पहल नहीं हुई। क्षेत्र में जल संकट हर साल गहराता जा रहा है, इसका समाधान नहीं हो पाया है। इसको लेकर कांग्रेस अब आंदोलन करने वाली है। अप्रैल माह में उक्त आंदोलन पांच चरणों में किया जाएगा। इसकी शुरूआत अनशन के साथ की जाएगी। इसके अलावा हस्ताक्षर अभियान आदि की रणनीति पर विचार किया गया है।