– मौके पर पहुंचे तहसील प्रशासन ने घटना का लिया जायजा
फतेहपुर, 14 मार्च (हि.स.)। जिले में सोमवार को अज्ञात कारणों से एक घर में आग लग गयी। आग से झुलस कर अधेड़ महिला की मौत हो गयी तथा एक भैंस झुलस गयी। सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने घटना का मुआयना कर आग से नुकसान का आकलन कर शीघ्र ही राहत दिलाने का आश्वासन दिया।
थाना किशनपुर के गोदौरा गांव निवासी हरि निर्मल की पत्नी गुड़िया (55) की घर में अज्ञात कारणों से आग लगने के कारण झुलस कर मौत हो गयी। परिजनों ने बताया कि दोपहर बाद अचानक छप्पर में आग लग गयी और आग की लपटें देखते ही परिजन सहित गांव के लोग दौड़ पड़े। आग में जब तक काबू पाते तब तक वृद्ध महिला की मौत हो गई और एक भैंस भी मर गई है।
जानकारी होते ही घटनास्थल पर पहुंच कर एसडीएम प्रभाकर त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी जीडी मिश्रा एवं राजस्व लेखपाल विकास चौधरी सहित अन्य लोगों ने जायजा लिया। तहसीलदार शशि भूषण मिश्र ने बताया कि दैवीय आपदा रिपोर्ट लेखपाल द्वारा प्रेषित करने के उपरांत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी जाएगी। जैसे ही चेक आयेगी, परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया जायेगा। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।