फ़िल्म “द कश्मीर फाइल्स” को उत्तर प्रदेश में कर मुक्त करने की मांग

Share

वाराणसी, 14 मार्च (हि.स.)। फ़िल्म “द कश्मीर फाइल्स” को उत्तर प्रदेश में कर मुक्त करने की मांग हिंदू जन जागृति समिति ने की है। सोमवार को समिति का एक प्रतिनिधि मंडल अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा से मिलने कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय पहुंचा। जिलाधिकारी के व्यस्त रहने पर प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित मांगों का पत्रक एडीएम सिटी को सौंपा।

कार्यकर्ताओं ने धर्म के नाम पर नरसंहार व कश्मीरी हिन्दुओं पर हुए जघन्य अत्याचार पर बनी फ़िल्म को उत्तर प्रदेश में कर मुक्त करने की मांग दोहराई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वाराणसी में कुछ थिएटर वालों पर फ़िल्म में बाधा डालने का दबाव बनाया जा रहा है। ये वही लोग हैं जिनके आका नहीं चाहते की कश्मीर का सत्य देश के सामने आये। इसलिए जिला प्रशासन सभी थियेटरों को एक संदेश जारी करे कि लोगों को पूरी सुविधा के साथ भयमुक्त होकर फ़िल्म दिखाया जाए।

समिति के राजन केशरी ने बताया कि यह सिनेमा हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश और गुजरात में कर मुक्त है। समिति ने विगत 15 वर्षों में कश्मीरी हिन्दुओं पर हुए अत्याचारों के विषय में ‘आतंकवाद का भीषण सत्य’ नामक फ्लेक्स प्रदर्शनी 500 से अधिक स्थानों पर प्रदर्शित की है। साथ ही ‘एक भारत अभियान : चलो कश्मीर की ओर’ नामक अभियान के अंतर्गत अनेक राज्यों में जनसभा आयोजित कर 10 लाख से अधिक हिन्दुओं को जागृत किया है। समिति कश्मीरी हिन्दुओं को न्याय प्राप्त होने तक वैधानिक मार्ग से प्रयास करती रहेगी। इस दौरान समिति के सचिव राजन केसरी, विपुल कुमार पाठक, संजीवन यादव, अवनीश राय, विकास तिवारी, प्रभु नारायण यादव आदि शामिल रहे।